Haldwani:-हरेला पर्व पर नैनीताल पुलिस का महा-वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हल्द्वानी/नैनीताल – हरेला पर्व के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने काठगोदाम कोतवाली परिसर में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और जनपदवासियों व पुलिस परिवार को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि “हरियाली है तो हम हैं” और वर्तमान समय में विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भूस्खलन, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा पुलिस परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और अपने घरों पर भी कम से कम दो पौधे अवश्य लगाएं।
अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने जनपद के सभी थानों, कार्यालयों और पुलिस इकाइयों में आम, अमरूद, गुलमोहर, बुरांश, पांगर, जामुन, कटहल, तेजपत्ता, आंवला सहित स्थानीय प्रजातियों के करीब 600 फलदार एवं छायादार पौधे रोपे।
इस अवसर पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी सीपीयू जगदीश राम, चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम दिलीप कुमार सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों, थाना परिसरों और कार्यालयों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।




