हल्द्वानी

नैनीताल के नए SSP अर्पण यदुवंशी ने संभाली कमान, देर रात अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा होगी प्राथमिकता, SSP ने पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी (IPS) ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिसिंग को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने देर रात तक जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की।

बैठक में SSP ने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन प्रत्येक पुलिसकर्मी की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना जाएगा। अधीनस्थ कर्मचारियों को बिना किसी झिझक अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

SSP अर्पण यदुवंशी ने नैनीताल को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद बताते हुए कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के प्रति पुलिस का व्यवहार शालीन एवं संवेदनशील होना चाहिए। थाने और चौकियों में पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उनका स्पष्ट संदेश रहा कि पुलिस जनता का विश्वास जीते और अपने अधीनस्थों का मनोबल बढ़ाते हुए बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करे।

बैठक के बाद SSP ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह समेत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

नवागत SSP के इन निर्देशों से साफ है कि नैनीताल पुलिस में अनुशासन के साथ-साथ जवाबदेही और आम जनता के प्रति संवेदनशीलता पर विशेष जोर रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad

Mohd Uves

Editor-in-chief - www.khasekhabar.com Office address - Chorgaliya Road, Nagar Nigam Market, 1st Floor, Shop No: 12, Haldwani (Nainital) Uttarakhand Mobile - 6398378469

Related Articles