उत्तराखण्डहरिद्वार

Uttarakhand:-ई-रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी को किया गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS Ad

हरिद्वार – जिले के पथरी क्षेत्र में सामने आई सनसनीखेज वारदात में ई-रिक्शा चालक की हत्या उसकी पत्नी द्वारा रची गई साजिश का हिस्सा निकली।महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व पथरी थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक ई-रिक्शा चालक प्रदीप का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ था। मृतक अंबूवाला निवासी था। प्रदीप के पिता ओमप्रकाश ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल व उनकी टीम ने जब मामले की गहनता से जांच की तो सामने आया कि प्रदीप की पत्नी रीना की गांव के ही एक युवक सलेक से नजदीकियां थीं। रीना की प्रदीप से यह दूसरी शादी थी, जो उसने अपने पहले पति की मौत के बाद की थी।

जांच में सामने आया कि घटना के दिन के बाद से सलेक का मोबाइल नंबर बंद था और वह घर से गायब हो गया था। इसके बाद पुलिस ने रीना से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि उसने अपने प्रेमी सलेक के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। रीना ने स्वीकार किया कि सलेक ने प्रदीप की गला घोंटकर हत्या की, और इसके लिए एक गमछे (साफा) का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने मुखबिर की मदद से आरोपी सलेक को लक्सर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों तीजे की रस्म पूरी होने के बाद शादी कर भागने की तैयारी में थे। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उनकी साजिश पर समय रहते पानी फिर गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles