उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

UKPSC-UKSSSC परीक्षाओं के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु पुलिस ने कसी कमर, सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग एवं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद पुलिस ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं नकल रोकने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग समूह-‘ग’) सेवा परीक्षा-2025 के अंतर्गत 30 मई को हिन्दी विषय तथा 31 मई को इतिहास विषय की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। वहीं, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 31 मई को वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा कराई जाएगी।

इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी सभागार में हल्द्वानी सर्किल के सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षाओं के सफल संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व डीएफएमडी, एचएचएमडी एवं मेटल डिटेक्टर से सघन जांच कराने पर जोर दिया गया। साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा प्रभावी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साइबर कैफे, फोटोकॉपी, प्रिंटिंग एवं वाई-फाई सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

एसएसपी ने स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU), एसओजी एवं साइबर टीमों को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, प्रश्नपत्र लीक या नकल संबंधी भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए। होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस एवं होम-स्टे की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों और सॉल्वर गैंग पर विशेष नजर रखने को भी कहा गया है।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर इनर एवं आउटर कॉर्डन ड्यूटी लगाने, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन हेतु पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने तथा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी जारी किए गए।

इस दौरान सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, दिनेश सिंह फर्त्याल, जसवीर सिंह चौहान, बृजमोहन सिंह राणा, थानाध्यक्ष सुशील जोशी सहित एसओजी, साइबर टीम एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आयोजित होने वाली दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles