देहरादून में गरमाई राजनीति: “टिकट बिक्री” के आरोपों पर भाजपा का कांग्रेस पर सीधा हमला

देहरादून – भाजपा ने कांग्रेस पर टिकट बेचने के गंभीर आरोपों को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ विधायक और प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कांग्रेस नेतृत्व से तत्काल जवाब देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में कथित रूप से बेचे गए टिकटों और 2027 के लिए हुई “एडवांस बुकिंग” को सार्वजनिक किया जाए।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में चमोली ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर लगाए गए लेनदेन के आरोप बेहद गंभीर हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि वायरल वीडियो में जिन पैसों के लेनदेन की बात कही जा रही है, वह धन पार्टी कार्य में लगा या उसका दुरुपयोग हुआ। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती दी कि इस मामले में स्पष्ट स्थिति सामने रखी जाए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाए।
चमोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में पहले भी टिकट वितरण को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब एक पूर्व कांग्रेस नेत्री, जो पार्टी के बड़े नेताओं के करीबी रही हैं, खुलकर आरोप लगा रही हैं, ऐसे में कांग्रेस को चुप्पी तोड़नी चाहिए।
भाजपा ने यह भी कहा कि विपक्षी दल होने के नाते उनका कर्तव्य है कि ऐसी गड़बड़ियों को जनता के सामने लाया जाए। कांग्रेस द्वारा आरोप लगाने वाली महिला को भाजपा से जोड़ने के आरोपों पर पलटवार करते हुए चमोली ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, लेकिन सच सामने आना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप राजनीति की नैतिकता पर सवाल खड़े करते हैं और जनता सब देख रही है, इसलिए कांग्रेस को पारदर्शिता दिखानी चाहिए।





