उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

हल्द्वानी में कांग्रेस ने किया प्रकाश जोशी का भव्य स्वागत, 8 अगस्त की खरगे रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

ADVERTISEMENTS Ad Ad

हल्द्वानी – कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी का शुक्रवार को कांग्रेस भवन स्वराज आश्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के बीच भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वागत समारोह के बाद आयोजित बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित विशाल जनसभा एवं रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक व्यवस्थाओं, बूथ स्तर तक समन्वय, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और उत्साह के साथ जनसभा की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, संविधान की रक्षा और जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित जनसभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रकाश जोशी जैसे अनुभवी नेता का मार्गदर्शन संगठन को नई ऊर्जा देगा। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 8 अगस्त की जनसभा को उत्तराखंड की सबसे बड़ी और सफल जनसभा बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, महिला कांग्रेस कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष जया कर्नाटक, रामनगर नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन 8 अगस्त को प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक, भव्य और सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यह जनसभा उत्तराखंड में कांग्रेस की संगठनात्मक एकजुटता और जनसमर्थन का सशक्त प्रदर्शन साबित होगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles