नशे में वाहन दौड़ाना पड़ा भारी, चालक समेत छह गिरफ्तार

भवाली – शराब के नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत भवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक यातायात/नैनीताल जगदीश चन्द्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकान्त सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान UK04-AS-9619 वाहन को रोककर जांच की गई।
जांच में वाहन चालक विकास कुमार शराब के नशे में वाहन चलाता मिला। वहीं वाहन में सवार उसके पांच साथी शोर-शराबा कर सार्वजनिक स्थान पर न्यूसेंस पैदा कर रहे थे। पुलिस ने सभी छह लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने चालक विकास कुमार के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया। वहीं वाहन में सवार पांच अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार पुत्र भुवन आर्य, पारस मेहरा (22), अनुज सागर (24), बृजेश कुमार (23), चंदन आर्य (21) और अशोक कोहली (37) शामिल हैं। सभी दमुवाढूंगा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और न्यूसेंस करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।




