उत्तराखण्डउधम सिंह नगरक्राइम

लूट कांड का खुलासा, शातिर लुटेरे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Ad

रूद्रपुर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के अपराध के खिलाफ सख्त रुख का असर एक बार फिर देखने को मिला है। पुलभट्टा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बरा गांव में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का महज एक सप्ताह के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बरेली जिले से एक शातिर लुटेरे को अवैध हथियार और लूट के माल के साथ गिरफ्तार किया है।

घटना बीते 22 जनवरी की है, जब ग्राम बरा निवासी नरेश कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात बदमाशों ने रात के समय उनके घर में घुसकर तमंचे के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। बदमाश घर से 87 हजार रुपये नकद, जेवरात और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। इसी रात बदमाशों ने भागने के लिए ग्राम बरी से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी चोरी कर ली थी।

एक ही रात में दो बड़ी वारदातों से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने तत्काल कई पुलिस टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए। पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

आखिरकार 29 जनवरी को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। सटीक सूचना के आधार पर बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र स्थित अभयपुर तिराहे से अभियुक्त इस्लाम पुत्र अहमद हुसैन, निवासी फतेहगंज पश्चिमी, बरेली को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक नीले-ग्रे रंग का बैग, लूट के 26,500 रुपये नकद और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई अबरार और साथी शकील के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। लूट के बाद भागने के लिए उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी के अनुसार लूट की रकम में से 25 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन उसके हिस्से में आया था, जबकि शेष नगदी, जेवरात और चोरी की मोटरसाइकिल उसके फरार साथियों के पास हैं।

पुलिस अब फरार अभियुक्त अबरार और शकील की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इस सफल अनावरण के लिए पुलिस और एसओजी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

गिरफ्तारी टीम में पुलभट्टा, दिनेशपुर, पंतनगर थानों के अधिकारी-कर्मचारी और एसओजी के जवान शामिल रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

Ad

Related Articles