उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

SIR के बाद अब अंतिम मतदाता सूची का इंतजार, 3 अक्टूबर को प्रकाशन

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी – आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के मद्देनजर फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि प्रारूप-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया 28 सितंबर तक निर्धारित है। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है।

बैठक में बताया गया कि अब तक कुल 43,551 फॉर्म प्राप्त हुए हैं। इनमें से 5,819 फॉर्म अनप्रोसेस्ड, 12,561 फॉर्म अस्वीकृत और 25,124 फॉर्म ई-रोल में अपडेट किए जा चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि Multiple Entries के तहत Photo Similar Entries (PSE) और Demographic Similar Entries (DSE) के संबंध में फिलहाल बीएलओ ऐप पर किसी भी विधानसभा क्षेत्र में कोई एंट्री प्रदर्शित नहीं हो रही है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने बताया कि SIR प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित साप्ताहिक बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सोमवार की बैठक में दो-दो पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि रामनगर, नैनीताल और भीमताल विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधि ऑनलाइन जुड़े।

बैठक में प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों और आपत्तियों का अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया। अधिकारियों के अनुसार जिले के लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में SIR प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) भी कराई जानी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में यह प्रक्रिया 20 अक्टूबर 2026 से संभावित है।

जिले में फिलहाल 1,541 बैलेट यूनिट (BU), 2,416 कंट्रोल यूनिट (CU) और 2,524 VVPAT उपलब्ध हैं। इन सभी मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

FLC प्रक्रिया में प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल से दो अधिकृत प्रतिनिधि प्रतिभाग कर सकेंगे। उनके लिए विधिवत प्रवेश पास जारी किए जाएंगे। प्रतिनिधियों के नाम, मोबाइल नंबर, पिता/पति का नाम, पूरा पता, आधार या वोटर आईडी नंबर, संबंधित पहचान पत्र की प्रति तथा दो नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने होंगे।

बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कांग्रेस से मयंक भट्ट, रामसिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती और इशरत अली, भाजपा से दिनेश खुल्वे, बहादुर सिंह नगदली, प्रकाश पटवाल, मनीष पाल और आनंद सिंह बिष्ट, बसपा से जगदीश चंद्र टम्टा तथा आप से अब्दुल कादिर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles