उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 अफसरों के कार्यक्षेत्र बदले – पढ़े बड़ी खबर

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शासन ने प्रशासनिक मशीनरी में बड़ा फेरबदल करते हुए 30 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। बुधवार को जारी तबादला आदेश में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ), अपर जिलाधिकारियों (एडीएम), नगर आयुक्तों और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इस फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

11 नवंबर को कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश के तहत देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों में प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल में हल्द्वानी नगर निगम को भी नई नगर आयुक्त मिली हैं। आईएएस अधिकारी आशिमा गोयल को नगर आयुक्त, हल्द्वानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शासन के आदेश के अनुसार आईएएस निधि यादव से पंचायती राज निदेशक का कार्यभार वापस ले लिया गया है। देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन तथा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पर्यटन विकास परिषद बनाया गया है। पिथौरागढ़ के सीडीओ दीपक सैनी को देहरादून का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि देहरादून में अपर निदेशक शहरी विकास के पद पर तैनात प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़ का सीडीओ बनाया गया है।

प्रतीक्षारत अनामिका को अल्मोड़ा का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। चमोली के सीडीओ अभिषेक त्रिपाठी को पंचायती राज निदेशालय का निदेशक बनाया गया है। वहीं, अल्मोड़ा के सीडीओ रामजी शरण शर्मा को अपर निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए), देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तरकाशी के सीडीओ जय भारत सिंह को अपर निदेशक, शहरी विकास निदेशालय बनाया गया है।

संयुक्त मजिस्ट्रेट स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर में तैनात संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल को नगर आयुक्त, हल्द्वानी बनाया गया है। ऋषिकेश के संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को चमोली का सीडीओ नियुक्त किया गया है, जबकि देहरादून में तैनात राहुल आनंद को उत्तरकाशी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। पौड़ी की संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात को रुड़की तथा रानीखेत की संयुक्त मजिस्ट्रेट दीप्ति जोशी को काशीपुर भेजा गया है।

कुमाऊं मंडल और गन्ना विभाग में भी बदली जिम्मेदारी

कुमाऊं मंडल में भी अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल रहे जीवन सिंह नगन्याल को गन्ना एवं चीनी आयुक्त, काशीपुर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें शुगर मिल किच्छा के प्रधान प्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, गन्ना एवं चीनी आयुक्त तथा शुगर मिल किच्छा के प्रधान प्रबंधक रहे त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को अपर आयुक्त, कुमाऊं मंडल बनाया गया है।

ऊधमसिंह नगर के अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश को गन्ना एवं चीनी आयुक्त तथा शुगर मिल किच्छा के प्रधान प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल), ऊधमसिंह नगर रहे पंकज कुमार उपाध्याय को हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला नियुक्त किया गया है।

देहरादून की अपर जिलाधिकारी एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार को नगर आयुक्त, रुड़की बनाया गया है। हरिद्वार के एडीएम (प्रशासन) जितेंद्र कुमार को देहरादून में अपर जिलाधिकारी एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (काला) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देहरादून के डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार को ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। उन्हें जिला विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

नगर निकायों में भी बड़ा फेरबदल, कई नगर आयुक्तों के बदले कार्यक्षेत्र

नगर निकायों में हुए बदलाव के तहत हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा को काशीपुर का नगर आयुक्त बनाया गया है। काशीपुर के नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी, बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। रुड़की के नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल को कुंभ मेला हरिद्वार में उप मेलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

पौड़ी की डिप्टी कलेक्टर नुपुर वर्मा को नगर आयुक्त, रुद्रपुर बनाया गया है, जबकि टिहरी के डिप्टी कलेक्टर कमलेश मेहता को अपर जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा बागेश्वर के अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल को चमोली भेजा गया है। चमोली के अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा को देहरादून नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी रहीं कौस्तुभ मिश्रा को मंडी परिषद, रुद्रपुर में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, हरिद्वार में अपर जिलाधिकारी के पद पर भी नई तैनाती की गई है।

शासन के इस व्यापक फेरबदल से प्रदेश के कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती हुई है। खासतौर पर नगर निकायों, जिला प्रशासन और कुंभ मेला प्रबंधन में किए गए बदलावों को आगामी चुनाव और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles