“पुलिस कर्मियों के कल्याण पर SSP नैनीताल का फोकस: पुलिस लाइन निरीक्षण में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नैनीताल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, संसाधनों और जवानों के कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुशासन, स्वच्छता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राशन शॉप के संचालन समय में बदलाव करते हुए उसे सुबह 7 बजे के बजाय 6:30 बजे से खोलने के निर्देश दिए,
ताकि स्कूल जाने वाले बच्चों और परिवारों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कैंटीन में स्थानीय पहाड़ी उत्पादों जैसे मडवा, झींगोरा और लाल चावल की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट की भी गहन जांच की गई।
पुलिस परिवारों की सुविधा के लिए एसएसपी ने एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि अब जनपद की पुलिस कॉलोनियों में सप्ताह में एक बार “मोबाइल सीपीसी कैंटीन” भेजी जाएगी, जिससे कर्मचारियों के परिजनों को आवश्यक सामान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान तल्लीताल और मल्लीताल क्षेत्र के वाहनों में सर्च लाइट न मिलने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई और तत्काल नई सर्च लाइट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुलजिम वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, लॉक सिस्टम और सुरक्षा जालियों की भी बारीकी से जांच की।
शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सभी शस्त्रों और गोला-बारूद की कार्यक्षमता का परीक्षण किया। दंगा नियंत्रण उपकरणों की फायरिंग टेस्टिंग कर उनकी उपयोगिता परखी गई। उन्होंने आर्मरर को निर्देश दिए कि सभी हथियारों की नियमित सफाई और तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे पूरी तरह तैयार रहें।
बैरकों और कर्मचारी मैस के निरीक्षण में एसएसपी ने स्वच्छ पेयजल, बेहतर वेंटिलेशन और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने मेस प्रभारी को पौष्टिक भोजन, मोटे अनाज और मौसमी सब्जियों को भोजन में शामिल करने को कहा, ताकि जवानों को स्वस्थ वातावरण और बेहतर खानपान मिल सके।
फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित जिम के कायाकल्प के निर्देश भी दिए गए। जिम में बेंचों के कुशन बदलने, डेंटिंग-पेंटिंग कराने और बेहतर म्यूजिक सिस्टम लगाने की बात कही गई।
पुलिस लाइन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रजिस्टरों और पत्रावलियों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा शानदार टर्नआउट और बेहतर वाहन रखरखाव के लिए कई पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत होने वालों में कांस्टेबल रणजीत कम्बोज, हेड कांस्टेबल जीवन लाल और कांस्टेबल सचिन शर्मा शामिल रहे। वहीं प्रशिक्षणाधीन मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस पुष्पेंद्र सिंह रावत के प्रशिक्षण रजिस्टर के उत्कृष्ट रखरखाव और लेखन कार्य की भी विशेष प्रशंसा की गई।
निरीक्षण के बाद एसएसपी ने पुलिस कार्मिकों का आदेश कक्ष लेकर उन्हें अनुशासन, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण और संसाधनों की गुणवत्ता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान डॉ. जगदीश चंद्र, मनोज कत्याल, अमित कुमार, सुमित पांडे, रविकांत सेमवाल सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





