नैनीताल में नशे के खिलाफ सख्ती: 54.80 ग्राम स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई तेज

हल्द्वानी/नैनीताल – उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान कुंवरपुर बाईपास से गौलानदी जाने वाले कच्चे रास्ते, गौलापुल काठगोदाम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद (34 वर्ष), निवासी इंद्रा नगर काबुल का गेट, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र से स्मैक खरीदकर लाया था और स्थानीय स्तर पर इसकी तस्करी करता था।
इस संबंध में थाना काठगोदाम में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 53/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जनवरी से अब तक बड़ी कार्रवाई
नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत जनवरी 2026 से अब तक 20 मामलों में कार्रवाई करते हुए 25 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान कुल 1 किलो 385 ग्राम 366 मिलीग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार 80 रुपये है।
जनता से अपील
एसपी सिटी हल्द्वानी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। युवाओं से नशे से दूर रहने और अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।





