उत्तराखण्डज़रा हटकेदेहरादून

देहरादून में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, गर्भवती होने की बात आई सामने, पति गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS Ad

देहरादून – राजधानी देहरादून में शादी के महज तीन महीने बाद एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार यह मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिस्पना नगर का है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय कहकशां आलम के रूप में हुई है, जिनका निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था।

मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के समय ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दहेज दिया गया था। आरोप है कि कुछ समय बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और कहकशां पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। परिजनों के मुताबिक सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए करीब 50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और इसी को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का कहना है कि 18 फरवरी 2026 को कहकशां ने फोन कर परिवार को दहेज की मांग और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। वहीं 3 मार्च की सुबह भी उसने परिजनों को फोन कर बताया कि पैसे को लेकर घर में विवाद हो रहा है। उसी रात करीब डेढ़ बजे मृतका के पिता को ससुराल पक्ष से फोन कर बताया गया कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

सूचना मिलने पर परिजन देहरादून पहुंचे और दून अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इसके बाद मामला और अधिक संदिग्ध हो गया और मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मृतका के भाई का दावा है कि पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कहकशां लगभग दो महीने की गर्भवती थी। साथ ही उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि उसका एक हाथ भी टूटा हुआ था और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी चोट के संकेत मिले हैं, जिससे घटना को लेकर गंभीर आशंकाएं पैदा हो गई हैं। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे धीरे-धीरे नशे की दवाइयों की अधिक मात्रा दी जा रही थी। वहीं यह भी दावा किया गया है कि आरोपी पति किसी अन्य महिला से शादी करना चाहता था।

परिजनों के अनुसार शादी के समय करीब 10 तोला सोना, वाहन के लिए 14.5 लाख रुपये नकद और अन्य खर्चों के लिए भी राशि दी गई थी, इसके बावजूद लगातार और पैसों की मांग की जा रही थी। परिवार का कहना है कि 23 वर्षीय कहकशां ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और वह आगे चलकर पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनने का सपना देख रही थी।

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति शहबाज आलम, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महज तीन महीने पहले नए सपनों के साथ शुरू हुई कहकशां की जिंदगी का इस तरह खत्म हो जाना परिवार के लिए गहरा सदमा बन गया है। यह घटना समाज में दहेज जैसी कुप्रथा को लेकर भी कई सवाल खड़े करती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles