उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

भावुक माहौल में तीन पुलिस कर्मियों को दी गई विदाई, सम्मान समारोह में झलका सेवा का गौरव

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – जनपद नैनीताल पुलिस विभाग में बुधवार को सम्मान और भावनाओं के बीच विदाई समारोह का आयोजन किया गया। ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त कर रहे दो पुलिस कर्मियों और एक अनुचर को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित कर विदाई दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी संचार नैनीताल श्री रेवाधर मठपाल ने की।

समारोह में अपर उप निरीक्षक (एएसआई) श्री केदार सिंह, हेड कांस्टेबल श्री अकिल मलिक तथा अनुचर श्री भोलानाथ को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके लंबे सेवाकाल और समर्पण की सराहना की।

श्री केदार सिंह ने वर्ष 1994 में जनपद अल्मोड़ा से कांस्टेबल पद पर सेवा प्रारंभ की थी। अपने 31 वर्ष से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने अल्मोड़ा, बरेली और नैनीताल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वहीं, श्री अकिल मलिक ने वर्ष 2002 में सेवा में प्रवेश कर हरिद्वार, सीबीसीआईडी हल्द्वानी और नैनीताल में उत्कृष्ट सेवाएं दीं। अनुचर श्री भोलानाथ ने भी करीब 28 वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग में बिताए गए महत्वपूर्ण पलों को याद किया, जिससे माहौल भावुक हो उठा। इस अवसर पर एसपी संचार श्री मठपाल ने कहा कि इन कर्मियों की सेवाएं पुलिस विभाग के लिए अनुकरणीय हैं और उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने सभी को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी।

वहीं, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की ओर से भी सेवानिवृत्त कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार सैनी, प्रतिसार निरीक्षक श्री हरकेश सिंह सहित पुलिस कार्यालय और कोतवाली हल्द्वानी के अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों के परिजन भी उपस्थित रहे।

नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles