उत्तराखण्डज़रा हटकेरुद्रपुर

किसान-युवा-महिला-मध्यम वर्ग को सशक्त करता केंद्रीय बजट, देश के कायाकल्प का रोडमैप: अजय भट्ट

Ad

रुद्रपुर – भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय बजट को “विकसित भारत की आधारशिला” बताते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास का दूरदर्शी रोडमैप है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाकर भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद भट्ट ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। देश में 3.5 सौ मिलियन टन से अधिक का रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ है और भारत चावल उत्पादन में विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक बन चुका है। इसके साथ ही दुग्ध और मत्स्य उत्पादन में भी भारत अग्रणी देशों की सूची में शामिल हो गया है, जो कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।

उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है। चालू वित्तीय वर्ष के केवल पांच महीनों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के स्मार्टफोन का निर्यात इस बात का प्रमाण है कि देश का विनिर्माण क्षेत्र तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

सांसद अजय भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इस निवेश से सड़क, रेल और हवाई परिवहन के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के तहत 38 लाख करोड़ रुपये का ऋण छोटे उद्यमियों को उपलब्ध कराया गया, जिससे 12 करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया। वहीं भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम आज विश्व में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है, जहां 50 हजार से अधिक स्टार्टअप्स लाखों युवाओं को रोजगार दे रहे हैं।

सुरक्षा और राष्ट्रीय विकास के मुद्दों पर बोलते हुए सांसद भट्ट ने कहा कि माओवाद प्रभावित जिलों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। साथ ही, उत्तरी सीमा क्षेत्रों के विकास के लिए 11,639 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का विस्तार और चिनाब ब्रिज जैसे विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स भारत की बदलती तस्वीर और तकनीकी क्षमता का प्रतीक हैं।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व मेयर रामपाल, नेतृपाल मौर्या, अनुभव चौधरी, रश्मि रस्तोगी, विजय पाल सिंह तोमर, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, अक्षय गहलोत, योगेश वर्मा, परवेज़ खान, मुकेश पाल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Ad

Related Articles