गौला बैराज में छलांग लगाने वाले बुजुर्ग की बची जान, जल पुलिस ने दिखाया साहस और संवेदनशीलता

हल्द्वानी – काठगोदाम क्षेत्र में शुक्रवार को एक संभावित बड़ी घटना को जल पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से टाल दिया गया। गौला बैराज में कूदे एक बुजुर्ग व्यक्ति को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को जल पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया को कॉलर दीपक भण्डारी द्वारा सूचना दी गई कि एक व्यक्ति गौला बैराज में कूद गया है। सूचना मिलते ही जल पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बुजुर्ग को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहन चन्द्र उपाध्याय (उम्र लगभग 80 वर्ष), निवासी गंगाविहार, कुसुमखेड़ा बताया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उनके पुत्र यत्तीश उपाध्याय और ममता उपाध्याय मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे हैं और उनका उपचार चल रहा है।
जल पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बुजुर्ग को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस पूरी घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ी अनहोनी टल गई।





