हल्द्वानी में एसआईआर अभियान की समीक्षा, हर पात्र मतदाता को मिलेगा पूरा अवसर: प्रकाश चन्द्र दुम्का

हल्द्वानी – विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चन्द्र दुम्का ने गुरुवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में एसआईआर अभियान की प्रगति, नोटिसों पर चल रही सुनवाई और मतदाता सत्यापन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा करते हुए राजनीतिक दलों से फीडबैक लिया गया।
बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नोटिस वितरण, दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा सुनवाई की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई विभिन्न आपत्तियों एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
प्रकाश चन्द्र दुम्का ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद में 5 अगस्त 2026 तक जारी 2,35,085 नोटिसों में से 1,99,833 नोटिस (84 प्रतिशत) बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले मामलों का बीएलओ स्तर पर ही दस्तावेजों के सत्यापन के बाद निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं जिन मतदाताओं की ‘नो मैपिंग’ की स्थिति है, उनके मामलों की सुनवाई ईआरओ एवं एईआरओ स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल नोटिस जारी होने से किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें सत्यापन संबंधी नोटिस प्राप्त हो तो वे किसी प्रकार की भ्रांति या आशंका में न रहें, बल्कि निर्धारित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।
बैठक में कांग्रेस के प्रतिनिधि मनोज शर्मा एवं हरीश चन्द्र, भाजपा के प्रतिनिधि विनीत अग्रवाल, मनीष पाल एवं राजेन्द्र सिंह बिष्ट, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि हरीश चन्द्र सिनौली और जगदीश कुमार टम्टा सहित अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, सुधीर कुमार, नवाजिश खलीक तथा विभिन्न एईआरओ उपस्थित रहे।




