एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में हुड़दंग पर पुलिस का शिकंजा, उपद्रवियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज

हल्द्वानी – एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान रैली निकालकर हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुछ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों द्वारा लोक सेवकों के विधिसम्मत आदेशों का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में रैलियां निकाले जाने की बात सामने आई है। इससे कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जाम तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सदोष अवरोध, बलवा, लोक सेवक के विधिसम्मत आदेशों के उल्लंघन तथा लापरवाही एवं उपेक्षापूर्वक वाहन चलाने समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि नामांकन रैलियों के दौरान बिना अनुमति बड़े वाहनों के इस्तेमाल किए जाने के मामलों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। वीडियो फुटेज के माध्यम से अन्य उपद्रवियों की पहचान की प्रक्रिया तेजी से जारी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संभावित उपद्रवियों की सूची तैयार
आगामी छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया और कॉलेज परिसर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संभावित उपद्रवियों की सूची भी तैयार कर ली है। सूची में शामिल लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की जा रही है, ताकि चुनाव की आगामी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि, अराजकता या गंभीर अपराध की स्थिति उत्पन्न न हो।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, आदेशों का उल्लंघन करने अथवा अराजकता फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




