उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

छात्रसंघ चुनाव में मारपीट पर सख्ती, एमबीपीजी से दो गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी – एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर के दौरान दो गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य अराजक तत्वों की भी वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान शुरू कर दी है।

बताया गया कि कॉलेज में चुनावी गतिविधियों के दौरान दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना में राधे गुप्ता नामक छात्र के चोटिल होने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अधिकारियों को चुनाव की आड़ में मारपीट, दबंगई और अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस ने उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की। पुलिस के अनुसार, चिन्हित युवकों के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत चरण पुत्र डेविड चरण निवासी राजपुरा और दीपक बोरा पुत्र हरक सिंह बोरा निवासी तिकोनिया कैनाल रोड, थाना हल्द्वानी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों को सचिव पद के प्रत्याशी भविष्य रावत का समर्थक बताया गया है। आरोप है कि दिन के समय दोनों युवकों ने सचिव पद के प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थकों के साथ मारपीट की थी। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल अन्य युवकों की भी वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव, कांस्टेबल विजय भारद्वाज, कांस्टेबल मुकेश सिंह और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles