Dehradun:-CM धामी की ‘युवा भविष्य निर्माण योजना’ से घर बैठे मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग

देहरादून – प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों के आड़े न आए। ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं, रक्षा सेवा परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।
इसके अलावा उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी युवाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT), प्रबंधन अभिरुचि परीक्षा, अभियांत्रिकी में स्नातक अभिरुचि परीक्षा (GATE), राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (CSIR-NET) जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का विशेष लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिलने की उम्मीद है। ऐसे क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अक्सर बड़े शहरों में जाना पड़ता है, जिससे समय के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है। ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा से अब विद्यार्थी अपने घर या कॉलेज से ही विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में तैयारी कर सकेंगे।
योजना के माध्यम से युवाओं को केवल ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा ही नहीं, बल्कि बेहतर अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार की इस पहल से प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर मिलने और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।




