दशहरा पर्व को लेकर अलर्ट नैनीताल पुलिस, SSP नैनीताल ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

नैनीताल – दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने पुतला दहन स्थलों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित चेकिंग एवं गश्त करने और पुतला दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आग से बचाव के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में जेबकतरों और चेन स्नैचरों पर विशेष नजर रखने के साथ ही बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) से सघन चेकिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुतला दहन कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग से यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाते हुए दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन से दशहरा पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन के दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




