हल्द्वानी की सियासत में हलचल: अब्दुल बारी की मुंबई में मुलाकात से बढ़ी चर्चा, सपा में नए समीकरणों की आहट?

हल्द्वानी की राजनीति में इन दिनों समाजवादी पार्टी को लेकर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। हाल ही में समाजसेवी अब्दुल बारी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक फोटो साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा कि हल्द्वानी में समाजवादी पार्टी की स्थिति और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सूत्रों की मानें तो इस मुलाकात में उत्तराखंड में सपा की मौजूदा स्थिति, संगठन में दिखाई दे रही कमजोरियां और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर लंबी बातचीत हुई। हालांकि, अंदरखाने से आ रही खबरें इस बैठक को केवल संगठनात्मक चर्चा तक सीमित नहीं मान रही हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि एक तरफ मतीन सिद्दीकी का कद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर हाल की सियासी सक्रियता ने कई पुराने समीकरणों को भी हिला दिया है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह मुलाकात केवल संगठन को मजबूत करने के लिए थी या फिर हल्द्वानी की राजनीति में किसी नए पावर सेंटर की तैयारी भी की जा रही है।
कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 से पहले ही समाजवादी पार्टी के भीतर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अगर पार्टी इस रणनीति को सही दिशा देती है, तो यह कदम सपा के लिए गेमचेंजर भी साबित हो सकता है।
वहीं स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि मतीन सिद्दीकी को जनता का समर्थन लगातार मिल रहा है। बताया जाता है कि वह वर्ष 2007 से रेलवे और बनभूलपुरा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं, जिसकी वजह से क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हल्द्वानी में समाजवादी पार्टी एकजुट होकर नई ताकत के रूप में उभरेगी, या फिर अंदरूनी खींचतान ही उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन जाएगी। फिलहाल अब्दुल बारी की इस पोस्ट ने हल्द्वानी की सियासत में नई चर्चाओं को जरूर जन्म दे दिया है।





