65 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ट्रक चालक और दर्जी निकले आरोपी

लालकुआं – नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी नैनीताल और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 65.40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक तस्करी में प्रयुक्त एक अल्टो कार भी बरामद की है।
मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। 6 अक्टूबर 2026 को संयुक्त टीम ने सुभाष नगर बैरियर के पास एक अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरोली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर तथा मूल निवासी बहेड़ी, बरेली और मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। स्मैक की आपूर्ति के स्रोत और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए धारा 29 के तहत आगे की जांच की जा रही है।
पूछताछ में सामने आया कि नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा में दर्जी का काम करता है। पुलिस दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
बरामदगी: 218.04 ग्राम स्मैक और अल्टो कार संख्या UP24-H-4787।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनन्दपुरी, कांस्टेबल दिलीप कुमार तथा एसओजी से हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत, कांस्टेबल भूपेन्द्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।
इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।




