उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

कालाढूंगी में महिला समूहों को मिली 17 फूड वैन की सौगात, पहाड़ी व्यंजनों को मिलेगी नई पहचान

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

कालाढूंगी – उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी खानपान को नई पहचान दिलाने और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन के दौरान नैनीताल जनपद के महिला स्वयं सहायता समूहों और सहकारिताओं को 17 वे-साइड ईटरी (फूड वैन) की सौगात दी गई। इन फूड वैन के जरिए महिलाएं पहाड़ी व्यंजनों का व्यवसाय शुरू कर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगी।

ग्रामोत्थान (REAP-UGVS) परियोजना के अंतर्गत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक खानपान को बाजार उपलब्ध कराना है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस योजना से जनपद के सभी आठ विकासखंडों के महिला समूहों एवं सहकारिताओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने फूड वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

10 लाख की वैन पर 6 लाख रुपये की सब्सिडी

योजना की खास बात यह है कि प्रत्येक फूड वैन की लागत करीब 10 लाख रुपये है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 6 लाख रुपये यानी 60 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। शेष 4 लाख रुपये संबंधित महिला समूह को वापस करने होंगे। इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को कम शुरुआती निवेश में अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिलेगा।

मंडुवे के मोमोज से भट्ट की चुड़कानी तक मिलेगा पहाड़ी स्वाद

फूड वैन में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन लोगों को परोसे जाएंगे। इनमें मंडुवे यानी रागी के मोमोज, भट्ट की चुड़कानी, भट्ट के डुबके, गहत की दाल के डुबके, मंगोड़ी और भांग की चटनी सहित कई स्थानीय पकवान शामिल होंगे। इस पहल से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर पहाड़ी खानपान का स्वाद चखने का मौका मिलेगा।

स्थानीय किसानों को भी मिलेगा लाभ

फूड वैन के संचालन से मंडुवा, भट्ट और गहत जैसे पारंपरिक कृषि उत्पादों की मांग बढ़ने की संभावना है। इससे स्थानीय किसानों को अपने उत्पादों की बिक्री के नए अवसर मिल सकते हैं। वहीं, महिला समूहों को खाद्य उत्पाद तैयार करने के साथ उनके विपणन और व्यवसाय संचालन का अनुभव भी मिलेगा। इस तरह यह पहल महिला स्वरोजगार के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देने में सहायक हो सकती है।

पर्यटन के साथ जुड़ेगी पहाड़ की खानपान संस्कृति

उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के बीच स्थानीय खानपान को लोकप्रिय बनाने में भी ये फूड वैन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। आधुनिक फूड सर्विस के माध्यम से पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों को ग्राहकों तक पहुंचाने से राज्य की खाद्य संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प से जुड़ी यह पहल ग्रामीण महिलाओं को व्यवसाय से जोड़ने और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles