उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

नैनीताल में सड़क सुरक्षा अभियान तेज, चालक के साथ पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

नैनीताल – जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा व्यापक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में पुलिस टीमें वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रही हैं।

अभियान के तहत हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली, रामनगर के यातायात निरीक्षकों, सीपीयू और विभिन्न थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में वाहन चालकों को जागरूकता पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही सुरक्षित यातायात के महत्व की जानकारी देकर नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।

पुलिस द्वारा विशेष रूप से डबल हेलमेट अभियान पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि हेलमेट सिर में लगने वाली गंभीर चोटों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में प्रत्येक दोपहिया वाहन सवार को आईएसआई मार्क हेलमेट का सही तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए।

इसके अलावा वाहन चालकों से चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरस्पीडिंग से बचने, वाहन में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की जा रही है। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने की हिदायत भी दी जा रही है।

स्कूली वाहनों की भी हो रही नियमित जांच

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नैनीताल पुलिस द्वारा जनपद में संचालित स्कूल बसों और वैन की नियमित चेकिंग की जा रही है। जांच के दौरान वाहनों की निर्धारित सीटिंग क्षमता, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है।

चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों और संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles