Deheradun/haldwani:-30 सीटों पर सपा-कांग्रेस गठबंधन की मांग पर कांग्रेस नेता अब्दुल राजिक का पलटवार, बोले– ऐसी पार्टी से गठबंधन कांग्रेस को पहुंचाएगा बड़ा नुकसान
अखिलेश यादव के उत्तराखंडवासियों को 'घुसपैठिया' कहने वाले बयान की दिलाई याद, बोले– उत्तराखंड के लोग रामपुर तिराहा कांड को कैसे भूल सकते हैं?

हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस के साथ गठबंधन कर 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताए जाने के बाद अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल राजिक ने इस प्रस्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
अब्दुल राजिक ने कहा कि यदि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करती है तो यह पार्टी के लिए बहुत बड़ा राजनीतिक नुकसान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान भाजपा को खुश करने के लिए दिए जाते हैं। उत्तराखंड में कांग्रेस को किसी ऐसी पार्टी के सहारे की आवश्यकता नहीं है, जिसका इतिहास प्रदेश के लोगों के संघर्ष और भावनाओं से जुड़ा विवादों में रहा हो।
अब्दुल राजिक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोग समाजवादी पार्टी के पुराने रवैये और इतिहास को नहीं भूले हैं। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों के लिए ‘घुसपैठिया’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। ऐसे बयान उत्तराखंड की जनता के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाले हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तराखंड के लोग रामपुर तिराहा कांड को कैसे भूल सकते हैं? अलग राज्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों के साथ जो अत्याचार हुआ, उसकी यादें आज भी प्रदेशवासियों के दिलों में जिंदा हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की बात करना कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से नुकसानदेह हो सकता है।
अब्दुल राजिक ने आगे कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस लगातार अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत कर रही है और पार्टी को अपने संगठन तथा कार्यकर्ताओं पर भरोसा रखना चाहिए। कांग्रेस को ऐसे किसी राजनीतिक गठबंधन की आवश्यकता नहीं है, जो प्रदेश की जनता की भावनाओं के विपरीत हो।
सियासी सवाल बड़ा है: एक तरफ समाजवादी पार्टी भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड में उसके पुराने राजनीतिक विवाद और अखिलेश यादव की टिप्पणी गठबंधन की राह में चुनौती बन सकती है। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाता है और क्या उत्तराखंड में चुनावी समीकरणों से ऊपर प्रदेश के स्वाभिमान का मुद्दा रहेगा?
खास बात यह है कि उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन का मुद्दा अब राजनीतिक बहस का विषय बनता जा रहा है।




