उत्तराखण्डउधम सिंह नगरज़रा हटके

नानकमत्ता में रजत जयंती वर्ष पर साहसिक खेलों की धूम — जिलाधिकारी ने ऑफ-रोड साइकिलिंग को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

नानकमत्ता – उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ऊधमसिंह नगर द्वारा नानक सागर तट पर तीन दिवसीय एडवेंचर ईको स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव 9 से 11 नवम्बर तक चलेगा, जिसमें साहसिक खेलों की विविध प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के पहले दिन ऑफ-रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक विविधता और प्राकृतिक सुंदरता साहसिक पर्यटन के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती है।

उन्होंने बताया कि नानकमत्ता क्षेत्र को ईको-एडवेंचर और वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। जिलाधिकारी ने युवाओं के जोश और महिला प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह राज्य में बढ़ती खेल संस्कृति और युवा ऊर्जा का प्रतीक है।

भदौरिया ने कहा कि “प्रदेश के 25 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर ऐसे आयोजन न केवल पर्यटन को गति देंगे, बल्कि युवाओं को नई दिशा और अवसर प्रदान करेंगे।” उन्होंने नानक सागर क्षेत्र को प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और साहसिक खेलों का संगम बताते हुए कहा कि यहां ऑफ-रोड साइकिलिंग, हॉट एयर बैलूनिंग, कायाकिंग और अन्य वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को भी शामिल किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और आयोजकों का आभार जताया और कहा कि “जब प्रशासन, जनता और जनप्रतिनिधि मिलकर प्रदेश निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाते हैं, तभी ऐसे आयोजन सफल होते हैं।”

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन ने युवाओं के उत्साह को देखते हुए भविष्य में भी ऐसे एडवेंचर आयोजन नियमित रूप से करने का संकल्प लिया है।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डे, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles