NEET पुनर्परीक्षा से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में, जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान

हल्द्वानी। 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में परीक्षा केंद्रों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन द्वारा जनपद में स्थापित 11 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।
एसएसपी के निर्देश पर परीक्षा से पूर्व जिले के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, संस्थानों तथा कोचिंग सेंटरों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान 161 होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 61 प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए 16,500 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपदभर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 332 वाहनों के चालान किए गए, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 11 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही दो वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) निलंबन की संस्तुति भी की गई। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 66,500 रुपये का संयोजन शुल्क जमा कराया गया।
पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, होटल-ढाबों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
नैनीताल पुलिस ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।





