कुमाऊं में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार: STF ने महिला आरोपी को 133 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा

‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को सफलता: एंटी नार्कोटिक्स यूनिट ने पकड़ी महिला सप्लायर
किच्छा – उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। कुमाऊं क्षेत्र में एंटी नार्कोटिक्स यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने थाना किच्छा क्षेत्र के लालपुर चौकी इलाके में दबिश दी।
इस कार्रवाई के दौरान 42 वर्षीय सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 133 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने खुलासा किया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह से हेरोइन खरीदकर किच्छा, रुद्रपुर और हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पिछले करीब डेढ़ साल से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थी। इससे पहले भी वह कच्ची शराब के एक मामले में जेल जा चुकी है।
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद जताई जा रही है।





