उत्तराखण्डज़रा हटके

उत्तराखंड_मैदानों में बढ़ेगी गर्मी, पहाड़ों में बदलेगा मौसम का मिजाज—तापमान में 4 डिग्री तक उछाल संभव

ADVERTISEMENTS Ad

देहरादून – उत्तराखंड में आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा, हालांकि कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 14 और 15 अप्रैल को राज्य के सभी जनपदों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जिससे लोगों को खुला आसमान देखने को मिलेगा।

वहीं 16 और 17 अप्रैल को मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दिनों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गर्जन के साथ वर्षा की संभावना है। इसके अलावा 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

18 अप्रैल को भी पर्वतीय जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे गर्मी का असर महसूस किया जाएगा। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट बनी रह सकती है।

तापमान की बात करें तो वर्तमान में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, जबकि पर्वतीय इलाकों में यह सामान्य से कम दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान भी मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से नीचे से लेकर सामान्य के बीच, जबकि पहाड़ों में सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस पंतनगर (ऊधम सिंह नगर) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि फिलहाल राज्य में कहीं भी लू को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का प्रभाव विशेषकर मैदानी क्षेत्रों में अधिक महसूस किया जा सकता है, जबकि पहाड़ों में मौसम सुहावना बना रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles