नशा मुक्ति और बाल सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस का बड़ा अभियान, NCC कैम्प में 600 युवाओं को किया जागरूक

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में नशा मुक्ति एवं बाल अपराधों की रोकथाम को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नैनीताल पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) द्वारा रानीबाग स्थित 78 यूके बटालियन एनसीसी कैम्प में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सीओ नैनीताल/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में किया गया। प्रभारी AHTU एवं महिला समाधान केंद्र की उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगभग 550 से 600 एनसीसी कैडेट्स को महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, नशे के दुष्परिणाम और कानूनी सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति सजग रहने, आत्मरक्षा अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के भविष्य को बर्बाद करता है बल्कि परिवार और समाज पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1098 और 1930 की जानकारी भी विस्तार से साझा की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में छात्र तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
इस जागरूकता अभियान में हेड कांस्टेबल प्रहलाद रावत, महिला कांस्टेबल रेनू अधिकारी एवं कांस्टेबल गोविन्द मेहरा भी मौजूद रहे। पुलिस के इस प्रयास को एनसीसी कैडेट्स और प्रशिक्षकों ने सराहनीय पहल बताया।





