CCTV और सर्विलांस से मिला सुराग, हिमाचल से तीनों बालिकाएं सकुशल बरामद

SSP के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने चोरगलिया से बद्दी तक खंगाले रास्ते
परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
हल्द्वानी – चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से बालिकाओं की लोकेशन का पता लगाया और लगातार प्रयासों के बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाने में सफलता हासिल की। बरामद तीनों बालिकाओं में दो नाबालिग और एक बालिग बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी दो पुत्रियां सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की तो पता चला कि दोनों बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। इसी दौरान जानकारी सामने आई कि एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद गुमशुदा बालिकाओं की तलाश के लिए जनपद के सभी थानों और DCRB नैनीताल को सूचना प्रसारित की गई। RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बालिकाओं की तलाश के संबंध में सूचना साझा की गई।
SSP नैनीत के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर समेत विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाते हुए दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी निगरानी और सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया।
चोरगलिया से बद्दी तक पहुंची पुलिस
लगातार की गई तकनीकी निगरानी और पुलिस टीम के प्रयासों के बाद 24 सितंबर 2026 को तीनों बालिकाओं को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर चली गई थीं। पुलिस जांच के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी की बात सामने नहीं आई। बरामदगी के बाद पुलिस ने बालिकाओं की काउंसलिंग की तथा आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की।
नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटियों की सकुशल वापसी से परिजनों के चेहरे खिले
कई दिनों से अपनी बेटियों की तलाश में परेशान परिजनों को जब पुलिस ने तीनों के सकुशल बरामद होने की सूचना दी तो उनके चेहरों पर खुशी लौट आई। बेटियों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और लगातार किए गए प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
1. तारा सिंह राणा, थानाध्यक्ष चोरगलिया
2. उ0नि0 गौरव जोशी, थाना लालकुआं
3. अ0उ0नि0 मनजीत सिंह, थाना चोरगलिया
4. कानि0 मुस्तफा अंसारी, थाना चोरगलिया
5. कानि0 भूपेन्द्र ज्येष्ठा, SOG नैनीताल
6. म0का0 सुमन राणा, थाना चोरगलिया
नैनीताल पुलिस ने कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की तलाश के लिए इसी तरह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।




