उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पुस्तकों के माध्यम से साझा किया जनसेवा और नेतृत्व का दृष्टिकोण

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

नई दिल्ली/नैनीताल – उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रो. के.पी. सिंह द्वारा संपादित दो पुस्तकों ‘द लीडरशिप फनल’ और ‘थॉट टू इंक’ का लोकार्पण किया। यह पुस्तकें उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, जनसेवा के संकल्प और राष्ट्र प्रथम की भावना पर आधारित हैं।

पुस्तकों के विमोचन अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ये पुस्तकें केवल साहित्यिक प्रकाशन नहीं हैं, बल्कि उत्तराखण्ड के विकास, जनभागीदारी और राष्ट्रहित के दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करने वाले महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि ‘द लीडरशिप फनल’ किसी एक व्यक्ति के कार्यकाल का विवरण नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं, महिलाओं, सैनिकों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों और समाज के विभिन्न वर्गों की सामूहिक उपलब्धियों और योगदान की कहानी है।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना में चार दशक से अधिक समय तक सेवा और राज्यपाल के रूप में दायित्व निभाने के दौरान ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना उनके जीवन का मूल मंत्र रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उत्तराखण्ड को शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, पर्यटन, संस्कृति तथा आध्यात्मिकता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘थॉट टू इंक’ केवल विचारों का संकलन नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी जैसे विषयों पर सार्थक विमर्श को आगे बढ़ाने का प्रयास है। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों पुस्तकें युवाओं, शोधार्थियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होंगी।

इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रो. के.पी. सिंह, प्रकाशक संदीप जैन एवं अटल प्रकाशन की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके शोध, समर्पण और परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन समाज में सकारात्मक चिंतन और रचनात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles