UKPSC परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, 16 केंद्रों पर अभेद्य सुरक्षा के बीच 7000 से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

हल्द्वानी – उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा 18 और 19 जुलाई को आयोजित होने वाली प्रवक्ता संवर्ग (समूह-ग) एवं उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल अधिष्ठान की विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। दोनों दिनों में जनपद के कुल 16 परीक्षा केंद्रों पर 7000 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान जोनल और सेक्टर अधिकारियों के हाथों में रहेगी, जबकि परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहरी घेराबंदी में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर शुक्रवार को कोतवाली हल्द्वानी के सभागार में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
18 जुलाई (शनिवार) को प्रवक्ता संवर्ग ‘समूह-ग’ (नागरिक शास्त्र) की परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। यह परीक्षा हल्द्वानी, मुखानी और लालकुआं के 10 केंद्रों पर 3997 अभ्यर्थियों के लिए होगी। वहीं 19 जुलाई (रविवार) को उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल अधिष्ठान में सहायक समीक्षा अधिकारी, टाइपिस्ट सहित विभिन्न पदों की परीक्षा हल्द्वानी, काठगोदाम और मुखानी के छह केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 3016 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पुलिस प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की व्यवस्था की है। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर (DFMD/HHMD) के माध्यम से जांच की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ जैमर भी सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक नकल या संचार को रोका जा सके। आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।
नकल और अन्य अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में इंटरनेट कैफे, फोटोकॉपी की दुकानें और अन्य संबंधित संस्थान परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखे जाएंगे। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को होटल, लॉज, ढाबों और होम-स्टे की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
एसपी हल्द्वानी ने यातायात पुलिस को भी निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। परीक्षा केंद्रों पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी और प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जाएगी।
आधुनिक तकनीक के माध्यम से होने वाली नकल रोकने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को पेनटॉर्च उपलब्ध कराई गई है, जिससे ब्लूटूथ और सूक्ष्म ईयर डिवाइस जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री की प्रभावी जांच की जा सके। सभी जोनल और सेक्टर अधिकारी तथा डायल-112 की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह, पेपर लीक की भ्रामक सूचना या संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनीटरिंग टीम, साइबर सेल और एसओजी को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं कंट्रोल रूम से परीक्षा की रियल-टाइम मॉनीटरिंग करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार अपडेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ हल्द्वानी अमित कुमार तथा सीओ लालकुआं विमल प्रसाद ने भी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा, प्रभारी सीपीयू जगदीश राम, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अभिसूचना मीना पांडे, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।




