उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-असमय विदाई से हर कोई स्तब्ध, स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर मीडिया सेंटर का प्रस्ताव

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी – जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से शोकसभा को संबोधित करते हुए स्वर्गीय जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि गिरिजा शंकर जोशी को इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जोशी हमेशा अपनी जिम्मेदारियों के प्रति समर्पित रहे और निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करते थे। उनका असमय निधन बेहद दुखद है और व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए यह गहरी पीड़ा का विषय है।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का निधन सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपने कार्य, व्यवहार और सहज व्यक्तित्व से उन्होंने जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय जोशी के नाम और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक स्मरणीय बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।

नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव

श्रद्धांजलि सभा के दौरान मौजूद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। पत्रकारों ने कहा कि यह उनके कार्य और योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को लंबे समय तक यादगार बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों से विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

शोकसभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles