उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-एडीएम विवेक राय ने किया धरोहर खुला बाल आश्रय गृह का निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत संचालित धरोहर खुला बाल आश्रय गृह, लालडांठ हल्द्वानी का गुरुवार को जिला स्तरीय समिति ने निरीक्षण किया। निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय की अध्यक्षता में किया गया।

निरीक्षण दल में जिला बाल संरक्षण अधिकारी वर्षा, विनीता पाठक, डॉ. महेश चन्द्र जोशी, डॉ. हिमांशु काण्डपाल, गायत्री दरम्वाल तथा हेमा कबड़वाल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। समिति ने आश्रय गृह में उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों के लिए संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

धरोहर खुला बाल आश्रय गृह में जनपद के कूड़ा बीनने एवं भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों को शिक्षा, संरक्षण एवं भरण-पोषण की सुविधा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जाता है। निरीक्षण के दौरान पंजीकृत 32 बच्चों में से 12 बच्चे उपस्थित पाए गए।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्था समन्वयक, बाल रोग विशेषज्ञ एवं मानसिक रोग विशेषज्ञ को निर्देशित किया कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा गंभीर बीमारी की स्थिति में उन्हें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जोड़कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने संस्था प्रबंधन को निर्देश दिए कि बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग रात्रि निवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बालिकाओं की देखरेख के लिए महिला कार्मिक की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने, उचित वेंटिलेशन व्यवस्था रखने तथा रसोईघर में स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कहा कि अधिक आयु के बच्चों को नियमित शिक्षा से जोड़ने के लिए विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाए। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों और मनोरंजन के साधनों को भी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

इस दौरान बच्चों ने कविताएं और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की। एडीएम ने बच्चों के लिए विभिन्न खेल उपकरणों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय संस्था समन्वयक प्रकाश पांडे, पुष्पा पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मी बिष्ट, प्रशिक्षक तृप्ता कनूप्रिया, आउटरीच कार्यकर्ता रवि, कमला, आंचल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles