अमृतपुर बायपास से जाम का होगा समाधान, सीएम धामी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

हल्द्वानी – पर्यटन सीजन और वीकेंड पर हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काठगोदाम-अमृतपुर बायपास का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए धनराशि की कमी नहीं होने दी जाएगी और आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।
अमृतपुर बायपास के निर्माण से पर्यटन सीजन और सप्ताहांत के दौरान बढ़ने वाले यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे बाबा नीम करौली धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले पर्यटकों को भी राहत मिल सकती है। वर्तमान में पर्यटकों और वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोगों को भी आवागमन में परेशानी होती है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं। उन्होंने रोड कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और निर्माण स्थल पर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाबा नीम करौली धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और कुमाऊं के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। उत्तराखंड में पर्यटकों का आगमन प्रदेश के लिए अच्छी बात है, लेकिन बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाना भी जरूरी है। राज्य सरकार पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, यातायात प्रबंधन में सुधार और स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। अमृतपुर बायपास इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण के लिए 175.40 लाख रुपये और द्वितीय चरण के लिए 469.59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। दोनों चरणों में निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति क्रमशः 15 प्रतिशत और 14 प्रतिशत बताई गई।
अधिकारियों के अनुसार, काठगोदाम-अमृतपुर बायपास के अंतर्गत दो किलोमीटर तक सिंगल लेन के लिए पहाड़ कटान का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा बायपास पर 75 मीटर स्पान वाले स्टील पुल का निर्माण भी जारी है। पुल निर्माण के लिए 1,177.93 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसकी भौतिक प्रगति 10 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति सात प्रतिशत बताई गई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि बायपास का लाभ आमजन और पर्यटकों को जल्द मिल सके।




