उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए प्रशासन सख्त, निजी स्कूलों को दिए अहम निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – केंद्र सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित ओरम स्कूल परिसर में जनपद के निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्कूली छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण करना रहा। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर अभिशाप है। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति नियमित रूप से जागरूक किया जाए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन अभिभावकों की नियमित बैठकें आयोजित कर उन्हें भी इस अभियान से जोड़े तथा विद्यालयों में नशा जागरूकता के लिए अलग से कक्षाएं संचालित की जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रार्थना सभा, परेड, पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध लेखन, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाए। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में प्रतिमाह “नशा विरोधी कार्यक्रम” आयोजित करना भी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक तीन माह में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की संगति, दिनचर्या और गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी, जिससे समय रहते किसी भी प्रकार की नशे संबंधी प्रवृत्ति की पहचान की जा सके।

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह नेगी ने सुझाव दिया कि प्रत्येक विद्यालय में शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र प्रतिनिधियों की संयुक्त निगरानी समिति गठित की जाए। साथ ही विद्यालय परिसर के 200 मीटर के दायरे में तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने तथा प्रत्येक विद्यालय में नशा मुक्ति संबंधी सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।

सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने कहा कि यदि कोई छात्र नशे की चपेट में पाया जाता है तो उसे दंडित करने के बजाय काउंसलिंग एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर विद्यालयों में निशुल्क परामर्श शिविर भी आयोजित करेगा।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि विद्यालयों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी तथा नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए गए।

बैठक के अंत में सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने विद्यालयों को “100 प्रतिशत नशा मुक्त परिसर” बनाएंगे तथा इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप देंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह नेगी, एसपी क्राइम जगदीश चंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत सहित जनपद के सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles