उत्तराखण्डक्राइमहल्द्वानी

Haldwani:- बड़ी मंडी डबल मर्डर का खुलासा, 6 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – शहर के बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का नैनीताल पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशों पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर मामले में संलिप्त चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर बड़ी सफलता हासिल की है।

दिनांक 12 फरवरी 2026 की प्रातः पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक एवं एक युवती के शव संदिग्ध अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सभी पहलुओं का गहन अध्ययन किया। साथ ही मामले के शीघ्र अनावरण के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।

शवों से प्राप्त दस्तावेजों और परिजनों से संपर्क के बाद मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा, निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया, निवासी ग्राम मल्ली पोखरी, ओखलकांडा (नैनीताल) के रूप में हुई। मृतका के परिजन की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर मामले से जुड़े चार लोगों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सभी लोग घटना के समय एक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका युवक और युवती दोनों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर युवक की हत्या कर दी गई। बाद में घटना को छिपाने और पहचान मिटाने के उद्देश्य से युवती की भी हत्या कर दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए गए।

हिरासत में लिए गए व्यक्ति

गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष)

सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष)

दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20 वर्ष)

दीपेश लटवाल उर्फ राज (25 वर्ष)

बरामदगी

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन तथा खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गौरव नेगी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में 11 अभियोग दर्ज हैं, जबकि दीपेश लटवाल के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट सहित तीन मामले दर्ज हैं।

घटना के सफल अनावरण पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाज में इस प्रकार के जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था को लेकर आम जनता का भरोसा मजबूत हुआ है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles