Haldwani:-बरेली रोड हत्याकांड का पर्दाफाश: आर्थिक तंगी और गुस्से में बड़े भाई ने ली छोटे भाई की जान


हल्द्वानी – हल्द्वानी क्षेत्र के बरेली रोड में हुई सनसनीखेज हत्या का नैनीताल पुलिस ने मात्र चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
घटना को लेकर दिनांक 04 फरवरी 2026 की रात्रि को अंकित जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल, निवासी राम मंदिर बगीचा बरेली रोड, हल्द्वानी द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि 03 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे उनके चाचा संदीप जायसवाल ने घर आकर छोटे चाचा सोनू जायसवाल के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना उप निरीक्षक रोहताश सिंह सागर द्वारा प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल खुलासे और गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी-पतारसी तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण करते हुए नामजद आरोपी संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल, निवासी राम मंदिर बगीचा बरेली रोड, हल्द्वानी को मात्र चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया।
बरामद अवैध असलहे के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा था। उसके छोटे भाई की तबीयत काफी खराब थी और आर्थिक तंगी के चलते इलाज में परेशानी हो रही थी। इसी तनाव के कारण उसने शराब के नशे में गुस्से में आकर मारपीट की, जिससे छोटे भाई की मौत हो गई।





