Haldwani:-अधिक ब्याज का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का भंडाफोड़, SSP नैनीताल के निर्देशन में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार


Haldwani:-नैनीताल जनपद में जनता से अधिक ब्याज और गारंटी का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े वित्तीय घोटाले का पुलिस ने खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर लंबे समय से लंबित मामलों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
एसएसपी के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी के अंतर्गत वर्ष 2017 से संचालित “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था से जुड़े बड़े निवेश घोटाले का सफल अनावरण किया।
जांच में सामने आया कि संस्था ने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का दावा कर अधिक ब्याज और सुरक्षा की गारंटी देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपदों के हजारों भोले-भाले लोगों से निवेश कराया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि एकत्र की और उसका गबन कर फरार हो गए। जांच के दौरान हल्द्वानी और रामनगर स्थित दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन की पुष्टि हुई।
न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई। आखिरकार 04 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के खिलाफ अन्य थानों में भी धोखाधड़ी और ठगी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।
आपराधिक इतिहास
कोतवाली रामनगर: एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी
थाना मुखानी:
मु0अ0सं0 181/25, धारा 420 आईपीसी, 3/21 BUDS एक्ट, 3 UPID एक्ट
मु0अ0सं0 50/23, धारा 420 आईपीसी
गिरफ्तार अभियुक्त
हेमचंद पंत, पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
विकास दुर्गापाल, पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)
खातों में प्राप्त कुल राशि: ₹6.84 करोड़ (₹2.26 करोड़ एवं ₹4.58 करोड़)
गिरफ्तारी टीम
दीपक सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, लालकुआं
कांस्टेबल आनंदपुरी
कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
एसएसपी नैनीताल की अपील
एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, पंजीकरण और विश्वसनीयता की पूरी जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





