Haldwani:-कर्तव्य पथ पर थम गई जिंदगी: मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद के निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर

हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था। इस दुखद घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। एक कर्तव्यनिष्ठ और जांबाज पुलिसकर्मी के असामयिक निधन से साथी पुलिसकर्मी बेहद मर्माहत हैं।
शनिवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एसएसपी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव विभागीय सहायता का भरोसा दिलाया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पुलिस विभाग इस दुख की घड़ी में पूरी मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दिवंगत पुलिसकर्मी के आश्रितों को प्राथमिकता के आधार पर सभी विभागीय लाभ एवं देयकों का शीघ्र भुगतान कराया जाएगा। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक सहायता राशि भी परिजनों को प्रदान की गई।
पुलिस विभाग के अनुसार मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाजपुर ले जाया जा रहा है, जहां पुलिस नियमों के तहत उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक व्यक्त किया।
35 वर्षों तक निभाई पुलिस सेवा की जिम्मेदारी
मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद ने अपने लगभग 35 वर्षों के सेवाकाल में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पुलिस विभाग की सेवा की। उनका जन्म 05 जनवरी 1972 को हुआ था तथा 02 अप्रैल 1991 को वह पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे।
उन्होंने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा तथा नैनीताल समेत विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वह पुलिस लाइन नैनीताल की परिवहन शाखा में तैनात थे।
दिवंगत टेक चंद के निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुभवी, जिम्मेदार और समर्पित साथी को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।





