Haldwani:-नशामुक्ति अभियान में नैनीताल पुलिस को सफलता, रेलवे स्टेशन के पास स्मैक तस्कर पकड़ा


हल्द्वानी – नैनीताल जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर अवैध नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा श्री दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 29 जनवरी 2026 को चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन बनभूलपुरा के समीप एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से जावेद पुत्र मोहम्मद याकूब, उम्र 24 वर्ष, निवासी गफूर बस्ती, हाल पता जवाहर नगर थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 8.92 ग्राम स्मैक बरामद की। इस संबंध में थाना बनभूलपुरा में मु0अ0सं0 20/26 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का कार्य करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मोनी टम्टा, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल लक्ष्मण राम और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।





