Haldwani:-पुलिस ने बाइक चोरों को पकड़ा, एक चोरी की बाइक बरामद – बाइक चोरी गैंग का पर्दाफाश

हल्द्वानी (नैनीताल): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 को हल्दूचौड़, लालकुआं निवासी विशांत टम्टा ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (UK04AR-5342), जिसे 29 अप्रैल को सुशीला तिवारी अस्पताल गेट के सामने खड़ा किया गया था, अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर संख्या 142/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध एक स्कूटी (UK06BB-4103 एक्टिवा) से आते दिखाई दिए। फुटेज में एक आरोपी मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर ले जाता नजर आया।
तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने 3 मई 2026 को दो अभियुक्तों—दलवीर सिंह (55 वर्ष), निवासी बिजली कॉलोनी नानकमत्ता और संजय कालरा (38 वर्ष), निवासी आदर्श कॉलोनी रुद्रपुर—को हल्द्वानी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की गई मोटरसाइकिल को नेपाल में बेच दिया गया है। इसके अलावा, उनकी निशानदेही पर थाना बनभूलपुरा क्षेत्र से एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बुलेट (UK04 AA-4778) भी बरामद की गई, जो पूर्व में दर्ज एफआईआर संख्या 390/2025 से संबंधित थी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी को भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह रौतेला, हेड कांस्टेबल इसरार नवी (टेक्निकल टीम) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
हल्द्वानी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, वहीं अपराधियों को सख्त संदेश भी गया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





