Haldwani:-एसएसपी नैनीताल ने संभाली सुरक्षा की कमान, मोहर्रम व वीवीआईपी कार्यक्रमों पर विशेष नजर

हल्द्वानी – मोहर्रम पर्व, उच्च न्यायिक गणमान्य अतिथियों के आगमन तथा संभावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रमों के मद्देनजर नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है।
आगामी 26 जून को मोहर्रम तथा 26 से 29 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न उच्चस्तरीय कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को हल्द्वानी में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में मोहर्रम जुलूसों, ताजिया मार्गों, वीवीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम के सभी जुलूसों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा आयोजकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जाए।
उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायमूर्तिगण, संभावित मुख्यमंत्री और राज्यपाल के भ्रमण को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा निर्धारित रूट और ड्यूटी प्लान का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम स्थलों, होटलों, गेस्ट हाउसों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित चेकिंग और सुरक्षा जांच के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ “क्लीन स्वीप अभियान” के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोहर्रम के दौरान रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने के लिए नाइट अधिकारियों, जोनल अधिकारियों और चौकी प्रभारियों को देर रात से सुबह तक लगातार क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जुलूसों एवं संवेदनशील इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी। सिटी कंट्रोल रूम को पूरी अवधि के दौरान सक्रिय रखने तथा महत्वपूर्ण सूचनाओं से वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
मल्लीताल, भीमताल, बनभूलपुरा, लालकुआं, कालाढूंगी, रामनगर और हल्द्वानी समेत जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। बैठक में पुलिस, अग्निशमन, एलआईयू, संचार शाखा और अन्य संबंधित इकाइयों के अधिकारियों ने भौतिक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।
बैठक के अंत में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।





