मतदाता सूची पुनरीक्षण अंतिम चरण में, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अपील—समय पर जमा करें फॉर्म

हल्द्वानी – मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय से प्रतिभाग करते हुए कुमाऊं मंडल के सभी जनपदों में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की स्थिति से अवगत कराया।
बैठक के बाद कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंडल के सभी मतदाताओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
मंडलायुक्त ने बताया कि कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में फॉर्म संग्रहण की स्थिति संतोषजनक है। चम्पावत और अल्मोड़ा में 100 प्रतिशत फॉर्म एकत्र किए जा चुके हैं, जबकि बागेश्वर में 99.7 प्रतिशत, पिथौरागढ़ में 99.6 प्रतिशत तथा नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर में 98.5 प्रतिशत फॉर्म संग्रहित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ प्रपत्र अभी भी ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में हैं, जिन्हें विभिन्न कारणों से एकत्र नहीं किया जा सका है। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों के बीएलओ को स्पष्ट निर्देश जारी करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का फॉर्म केवल लापरवाही के कारण छूटने न पाए। प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि किसी भी मतदाता का नाम त्रुटिवश मतदाता सूची से न कटे और उसका मतदान का संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रहे।
दीपक रावत ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं ने बीएलओ से फॉर्म प्राप्त कर लिया है, लेकिन अभी तक उसे जमा नहीं किया है, वे बिना विलंब अपना भरा हुआ फॉर्म संबंधित बीएलओ को सौंप दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल करना निर्वाचन आयोग और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य कर रहा है तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि समय पर फॉर्म जमा कर अपना मतदान का अधिकार सुरक्षित रखें।




