Haldwani:-पर्यटन सीजन और कैंची मेले को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने दिए स्मार्ट पुलिसिंग के निर्देश

हल्द्वानी। आगामी पर्यटन सीजन, कैंची धाम मेले और ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी कोतवाली स्थित मीटिंग हॉल में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और स्मार्ट पुलिसिंग को लेकर अधिकारियों व थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व एसएसपी ने पुलिस कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में अप्रैल माह के अपराधों की समीक्षा करते हुए आगामी पर्यटन सीजन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दें तथा सुबह से ही फील्ड में रहकर बॉटलनेक, बैरियर, डाइवर्जन और पार्किंग स्थलों की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि कैंची धाम मेला और धार्मिक पर्यटन के चलते भारी संख्या में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए मैनपावर मैनेजमेंट प्रभावी ढंग से किया जाए।
उन्होंने पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सौम्य व्यवहार करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि अराजकता, दबंगई और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डिजिटल एवं स्मार्ट पुलिसिंग पर भी विशेष फोकस किया गया। एसएसपी ने सभी थानों में CCTNS को शत-प्रतिशत अपडेट रखने, ई-साइनिंग प्रक्रिया पूरी करने तथा लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से खोए मोबाइलों की रिकवरी बढ़ाने, NCRP पोर्टल पर साइबर शिकायतों के निस्तारण तथा निदान पोर्टल पर NDPS अपराधियों का डाटा अपडेट रखने को कहा गया।
उन्होंने चोरी, नकबजनी और स्नैचिंग की घटनाओं को तत्काल e-sakshya ऐप पर दर्ज करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी i-rad ऐप और FAR फॉर्म में अपडेट करने के निर्देश भी दिए, ताकि पीड़ितों को क्लेम प्रक्रिया में सुविधा मिल सके।
गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने स्मार्ट पुलिसिंग को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे जनता और फरियादियों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा। साथ ही वांछित अपराधियों पर त्वरित इनाम घोषित कर योजनाबद्ध तरीके से गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अप्रैल 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न थानों एवं इकाइयों में तैनात 39 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इनमें विशेष रूप से हेड कांस्टेबल वीरेंद्र राम द्वारा 222 लंबित मालों का निस्तारण, महिला कांस्टेबल नयनतारा द्वारा 200 लंबित मामलों का निस्तारण तथा हेड कांस्टेबल ललित बिष्ट द्वारा 35 लंबित मामलों का सफल निस्तारण किए जाने पर एसएसपी ने सराहना की।
बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी सहित सभी थाना, शाखा, यातायात, सीपीयू प्रभारी एवं पीएसी अधिकारी मौजूद रहे।





