उत्तराखण्डज़रा हटकेहरिद्वार

हल्द्वानी में पेयजल परियोजना को नई दिशा, सड़क निर्माण कार्य में लाई गई तेजी

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – हल्द्वानी में एडीबी वित्तपोषित पेयजल एवं सीवरेज परियोजना को लेकर प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के अपर कार्यक्रम निदेशक द्वारा स्थलीय निरीक्षण के बाद परियोजना की कार्यप्रणाली में आंशिक बदलाव किया गया है। फिलहाल नई पाइपलाइन खुदाई के कार्यों को अस्थायी रूप से स्थगित कर सड़क पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। अब तक परियोजना के अंतर्गत 152 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि 85 किलोमीटर सब-सर्फेसिंग हो चुकी डामर सड़कों पर भी कार्य प्रारंभ हो गया है।

मुखानी रोड पर सीवर लाइन के लिए बनाए गए ट्रेंचलेस पिट के पास सड़क चौड़ाई बढ़ाने के उद्देश्य से फुटपाथ और नहर के हिस्से का उपयोग करते हुए अस्थायी निर्माण किया गया है, ताकि यातायात प्रभावित न हो। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात करने और आवश्यक चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए हैं।

गहरी खुदाई वाले स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, कार्यस्थलों से पहले निर्धारित दूरी पर गति नियंत्रण हेतु सूचना पट्ट, चेतावनी बोर्ड और रात्रि रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

पनचक्की रोड पर ट्रेंचलेस पिट का कार्य होली से पूर्व पूर्ण कर बंद करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। यूयूएसडीए ने फिलहाल उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने का निर्णय लिया है, जहां शीघ्र पेयजल आपूर्ति प्रारंभ की जा सकती है।

परियोजना की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ साप्ताहिक समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles