हल्द्वानी में रंजिश ने लिया खतरनाक मोड़—घर के बाहर चली गोली, आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार

हल्द्वानी – शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस हमले में वादी और उसका पोता बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कपूर आटा चक्की, सुभाष नगर निवासी कमल परमार ने अपने साथियों के साथ कोतवाली हल्द्वानी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे मनीष परिहार नामक व्यक्ति कार से मौके पर पहुंचा और उन पर गोली चला दी। गोली उनके मकान की सीढ़ियों में जा लगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .32 बोर की रिवॉल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी हल्द्वानी के कृष्णा नगर क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से बागेश्वर जनपद का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह और आपसी रंजिश की गहराई से जांच कर रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





