Lalkuan:-ढाबा और होटल संचालकों को सख्त चेतावनी, पुलिस ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान


लालकुआं – लालकुआं क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, होटल और ढाबों में शराब पीने-पिलाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर चेकिंग कर तीन दर्जन से अधिक लोगों के चालान किए गए और करीब 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई कुमाऊं पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल के निर्देशन में गठित स्पेशल टीम और लालकुआं कोतवाली पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। अभियान का नेतृत्व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा ने किया। अचानक चले इस अभियान से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
पुलिस टीम ने मेन बाजार, स्टेट बैंक के सामने, ट्रांसपोर्ट नगर, घोड़ानाला, वीआईपी गेट और कार रोड सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए लोगों के खिलाफ मौके पर ही कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। पुलिस की अचानक कार्रवाई के चलते कई लोग मौके से हटते हुए भी दिखाई दिए।
कोतवाल ब्रजमोहन राणा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, होटल और ढाबों में शराबखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने होटल और ढाबा संचालकों को भी सख्त चेतावनी दी कि यदि उनके प्रतिष्ठानों में शराब पीने-पिलाने की शिकायत मिली तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सब इंस्पेक्टर दीपा अधिकारी, दयानाथ सती, अंजू जेठी, प्रेम नेगी, हेड कांस्टेबल चन्द्रशेखर मल्होत्रा, कांस्टेबल कमल बिष्ट, आनंदपुरी, तरुण मेहता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





